हरियाणा में 28 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले
चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए मंगलवार को 28 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके मौजूदा काम के साथ अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा गया है।
आईपीएस अधिकारी सतीश बालन को आईआरबी भोंडसी के आईजी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। वह अपनी मौजूदा जिम्मेदारियां भी संभालते रहेंगे। इसी तरह आईपीएस अधिकारी अंशु सिंगला को आरटीसी भोंडसी के एसपी का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। आईपीएस अधिकारी धीरज कुमार को पुलिस मुख्यालय में एआईजी ट्रेनिंग के साथ हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एसपी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
आईपीएस अधिकारी मोहित हांडा को हरियाणा के राज्यपाल का एडीसी बनाए रखने के साथ लोकायुक्त हरियाणा के एसपी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। आईपीएस अधिकारी उपासना को जींद का एसपी लगाया गया है। आईपीएस अधिकारी कुलदीप सिंह को सीआईडी के एसपी के साथ एटीएस के एसपी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
एचपीएस अधिकारी नूपुर बिश्नोई को पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा के काम के साथ एआईजी वेलफेयर की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने विजिलेंस और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पूजा डाबला को एसपी, एसवी एवं एसीबी के पद पर नियुक्त किया गया है। अमित बेनीवाल को हिसार में डीएसपी लगाया गया है। इसके अलावा दिनेश कुमार को हरियाणा लोकायुक्त में डीएसपी और इंदिवर को गुरुग्राम में एसीपी नियुक्त किया गया है।
सरकार ने करनाल, फतेहाबाद, नारनौल, रोहतक, चरखी दादरी, पानीपत और हिसार समेत कई स्थानों पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों की नियुक्तियां भी की हैं। आदेश के तहत कुछ अधिकारियों को एसटीएफ, विजिलेंस और एसीबी में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। हरियाणा सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी आदेश पर अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल के हस्ताक्षर हैं। आदेश में कहा गया है कि ये नियुक्तियां और तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

