हरियाणा: शिक्षा विभाग में बीईओ व डिप्टी डीईओ के तबादलों में लागू होनी आनलाइन तबादला पॉलिसी

WhatsApp Channel Join Now


प्रदेश के सभी बीईओ और डिप्टी डीईओ का तलब किया ब्यौरा

चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा विभाग में अब शिक्षकों के साथ खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और उप जिला शिक्षा अधिकारी (डिप्टी डीईओ) भी ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के दायरे में आएंगे। विभाग की ओर से मॉडल आनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू (एमओटीपी) करने की कवायद शुरू की है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेशभर में कार्यरत बीईओ और डिप्टी डीईओ का रिकार्ड तलब किया है। निदेशालय की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को बाकायदा प्रोफार्मा जारी किया गया है, जिसमें स्वीकृत पद और कार्यरत पदों का ब्योरा मांगा है।

दरअसल, निदेशालय की ओर से यह डाटा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) और प्रबंधन सूचना प्रणाली (एमआईएस) में उपलब्ध आंकड़ों में मिली त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए किया गया है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि निर्धारित प्रारूप के अनुसार जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

निदेशालय की ओर से राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम के निदेशक, प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारी और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित प्रोफार्मा के अनुरूप जानकारी मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निदेशालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एचआरएमएस और एमआईएस पोर्टल पर डाटा में भिन्नता दर्ज की गई है, जिससे स्वीकृत पद और कार्यरत पदों का सही तौर पर मिलान नहीं हो रहा है। ऐसे में दोनों प्रणालियों पर डाटा दुरुस्त करने के लिए और रिकार्ड का मिलान करने के लिए विस्तृत सूचना मांगी गई है।

निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित कार्यालय या विद्यालय का नाम और कोड, एचआरएमएस के अनुसार, स्वीकृत एवं भरे हुए पदों की संख्या तथा एमआईएस के अनुसार स्वीकृत एवं भरे हुए पदों की जानकारी देनी होगी। निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एचआरएमएस पोर्टल पर बीईओ और डिप्टी डीईओ के लिए मॉडल आनलाइन तबादला नीति लागू करने से संबंधित प्रक्रिया का हिस्सा है। लिहाजा, निर्धारित समय-सीमा में सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि सूचना भेजने में किसी भी प्रकार की लापरवाही व देरी के लिए संबंधित जिला अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story