हरियाणा: दो साल में गन्ने का 35 रुपये बढ़ेगा दाम
2026-27 में 430 रुपए व 2027-28 में 450 रुपये प्रति क्विंटल रेट तय
चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए अगले दो वर्षों के लिए गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को चंडीगढ़ में घोषणा की कि वर्ष 2026-27 के सीजन में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल होगा, जबकि वर्ष 2027-28 में इसे बढ़ाकर 450 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। इस तरह दो वर्षों में गन्ने के भाव में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल था। इसे 15 रुपये बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में 430 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। इसके बाद वर्ष 2027-28 में किसानों को 450 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से गन्ने का भुगतान होगा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर गन्ने की पैदावार 700 से 800 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होती है। इस आधार पर गन्ने के भाव में बढ़ोतरी से किसानों की आय प्रति सीजन, प्रति एकड़ 10 हजार रुपये से 11 हजार 300 रुपये तक बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों कई किसान संगठनों से मुलाकात के दौरान किसानों ने डीजल, मजदूरी और खाद की कीमतें बढऩे से खेती की लागत बढऩे की चिंता व्यक्त की थी। गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल करने से किसानों को बढ़ी हुई लागत की भरपाई में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष का भाव पहले से घोषित होने पर किसानों को अपनी खेती की योजना बनाने में आसानी होगी। राष्ट्रीय स्तर पर गन्ने की कमी के बीच यह कदम किसानों को दूसरी फसलों की ओर रुख करने से रोकने में भी मदद करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

