हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल स्थगित
-अधिकारियों के साथ बैठक के बाद जनहित में कर्मचारियों ने लिया फैसला- 25 नवंबर को परिवहन मंत्री से होगी वार्ता
चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों ने पांच नवंबर से प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी है। बुधवार को परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और रोडवेज कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच करीब चार घंटे तक चली बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के लिए 25 नवंबर को परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारी हड़ताल टालने पर सहमत हो गए।
दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह करनाल और अंबाला में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। ऐसे में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का ऐलान सरकार के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था।
बुधवार को हुई बैठक में रोडवेज की 12 यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। संयुक्त मोर्चा के अनुसार, कर्मचारियों की आठ प्रमुख मांगों पर चर्चा के लिए 25 नवंबर को परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ दोबारा बैठक होगी। फिलहाल त्योहारी सीजन और आम जनता की परेशानी को देखते हुए हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
रोडवेज कर्मचारी वर्ष 2016 की भर्ती के तहत नियुक्त कर्मियों को नियमित करने और पिछले 10 वर्षों का दिवाली बोनस देने समेत अन्य मांगें उठा रहे हैं। बैठक में शामिल हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के जगबीर घनघस, नीरज शर्मा और माया राम ने बताया कि कई मांगों पर चर्चा के दौरान सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि जनता के हितों और त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय हड़ताल नहीं करने का फैसला लिया गया है। अब परिवहन मंत्री के साथ 25 नवंबर को होने वाली बैठक के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

