हरियाणा में बनेगी स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 11 मई (हि.स.)। हरियाणा में बिजली वितरण के ढांचे की मजबूती तथा सुरक्षा के लिए सरकार स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स और स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी अकादमी स्थापित करने जा रही है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) लिमिटेड ने संबंधित मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को अंतिम रिमाइंडर जारी कर तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के जरिए बिजली विभाग बिजली सब स्टेशनों पर सशस्त्र हेड गार्ड की तैनाती करेगा। इसके अलावा सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, हेड गार्ड, और सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाएगी। इन गार्डों को सब डिवीजन कार्यालय, डिवीजन कार्यालय, सर्कल कार्यालय, संवेदनशील 33 केवी सब-स्टेशन पर तैनात किया जाएगा।बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक विरोध, तोड़फोड़ और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के गठन से बिजली ढांचे की सुरक्षा व्यवस्था अधिक पेशेवर और सुदृढ़ होने की उम्मीद है।यूएचबीवीएन की प्रशासनिक शाखा द्वारा जारी आदेश में पंचकूला, रोहतक, सोनीपत और झज्जर के अधिकारियों से विभिन्न कार्यालयों और संवेदनशील 33 केवी सब-स्टेशनों की सुरक्षा जरूरतों का विस्तृत ब्यौरा मांगा गया है। आदेश के अनुसार, यह प्रस्ताव ऊर्जा विभाग को भेजा जाएगा ताकि राज्य स्तर पर सुरक्षा बल गठन को अंतिम रूप दिया जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा के लिए आवश्यक पदों की संख्या तुरंत उपलब्ध कराएं, क्योंकि उच्च अधिकारियों के साथ इस विषय पर बैठक निर्धारित है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story