हरियाणा में एसआईआर पर कांग्रेस ने किया निगरानी समिति का गठन
-पूर्व मंत्री-आईएएस समेत कई दिग्गज समिति में शामिल
चंडीगढ़, 16 मई (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस ने कड़ी निगरानी रखने के लिए अपनी राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति का गठन किया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विस्तारित समिति में विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद और चंद्र प्रकाश, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल एवं डॉ. एमएल रंगा, धर्मवीर गोयत, रिटायर्ड आईएएस विनय यादव, एडवोकेट बिजेंद्र रंगा, मोहन ढिल्लों तथा सुरेन्द्र शर्मा को शामिल किया गया है।राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इससे पहले समिति में उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्रा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुडधे तथा एडवोकेट रणधीर सिंह राणा शामिल थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्क निगरानी रखेगी। कांग्रेस पहले ही प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए-1 नियुक्त कर चुकी है। अब बीएलए-2 की नियुक्ति प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। पार्टी का दावा है कि करीब 90 प्रतिशत काम निपट चुका है। हरियाणा में लगभग 20 हजार 650 मतदान बूथ हैं और कांग्रेस हर बूथ पर अपना नेटवर्क खड़ा कर रही है। बीएलए-2 की जिम्मेदारी होगी कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे, काटने और बदलाव की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

