एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में हरियाणा ने देश में हासिल किया प्रथम स्थान
- राष्ट्रीय औसत 66.2 के मुकाबले 89.2 एएमबी इंडेक्स के साथ राज्य ने रचा कीर्तिमान
चंडीगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा ने एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में देश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह बड़ी उपलब्धि सभी लाभार्थी समूहों में नियमित आईएफए सप्लीमेंटेशन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय और ठोस प्रयासों का ही परिणाम है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के स्कोरकार्ड में हरियाणा ने एनीमिया मुक्त हरियाणा/एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत आयरन और फोलिक एसिड कवरेज में देश भर में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा ने 89.2 का एएमबी इंडेक्स प्राप्त किया है, जो 66.2 के राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है, और इस शीर्ष रैंक को हरियाणा ने उत्तराखंड के साथ साझा किया है।
नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के मिशन डायरेक्टर डॉ आर. एस ढिल्लों ने आगे बताया कि हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के 78.5 प्रतिशत (तीसरे स्थान) के समग्र आईएफए कवरेज इंडेक्स को सुधारकर दूसरी तिमाही में 89.2 प्रतिशत (पहले स्थान) तक पहुंचा दिया है। इस दौरान सभी श्रेणियों में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है, जिसमें 6 से 59 महीने के बच्चों का कवरेज 78.0 प्रतिशत से बढक़र 89.3 प्रतिशत, 5 से 9 वर्ष के बच्चों का कवरेज 77.0 प्रतिशत से बढक़र 80.5 प्रतिशत, 10 से 19 वर्ष के किशोरों का कवरेज 74.1 प्रतिशत से बढक़र 95.0 प्रतिशत और स्तनपान कराने वाली माताओं का कवरेज 68.2 प्रतिशत से बढक़र 86.1 प्रतिशत हो गया है, जबकि गर्भवती महिलाओं का कवरेज 95.0 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे समय-समय पर अपने हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य करवाएं, संतुलित व पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तथा सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन कर इस जन-आंदोलन को सफल बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

