हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् की निदेशक ने किया पंचकूला स्कूल का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् की निदेशक ने किया पंचकूला स्कूल का औचक निरीक्षण


चंडीगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का जमीनी स्तर पर आकलन करने तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद् की निदेशक,वर्षा खांगवाल ने पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला का औचक निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ विद्यार्थियों के सामाजिक-भावनात्मक विकास, जीवन कौशल तथा अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देना था। निरीक्षण के दौरान वर्षा खांगवाल ने विभिन्न कक्षाओं का सूक्ष्म एवं विस्तृत अवलोकन करते हुए पठन-पाठन प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से कक्षा स्तर व सामान्य ज्ञान के अनुरूप प्रश्न पूछे, जिन का छात्राओं ने उत्साह, आत्मविश्वास और सटीकता के साथ उत्तर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। छात्राओं की सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण पर उन्होंने प्रसन्नता एवं संतोष व्यक्त किया।

राज्य परियोजना निदेशक द्वारा विद्यालय में लाइब्रेरी, स्वच्छता, पेयजल उपलब्धता तथा शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story