हरियाणा: लर्निंग लाइसेंस से पहले पढऩा होगा 'सेफ ड्राइविंग' का पाठ

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 20 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में अब लर्निंग लाइसेंस से पहले सेफ ड्राइविंग का पाठ पढऩा होगा। सडक़ सुरक्षा को मजबूती देने के लिए लर्निंग लाइसेंस में बड़ा बदलाव किया है। अब राज्य में लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने से पहले प्रत्येक आवेदक को इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा के सेफ ड्राइविंग एंड फर्स्ट एड का ऑनलाइन ट्यूटोरियल पूरा करना होगा। परिवहन विभाग की ओर से नए मॉड्यूल की अधिसूचना जारी कर दी है। यही नहीं, नए मॉड्यूल को सारथी पोर्टल के साथ जोड़ा जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता में हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी की अहम भूमिका रहेगी। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा विशेष लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया है। इस पोर्टल पर सुरक्षित ड्राइविंग, सड़क सुरक्षा और फस्र्ट एड से जुड़े ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल उपलब्ध होंगे, जिन्हें आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस टेस्ट से पहले पूरा करना होगा।

परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुसार इस पोर्टल का सारथी प्लेटफॉर्म के साथ तकनीकी एकीकरण किया जाएगा, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान यह स्वत: सुनिश्चित हो सके कि अभ्यर्थी ने प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। प्रशिक्षण पूरा किए बिना लर्निंग लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि नई व्यवस्था से वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचेगी।

अंकुश मिगलानी ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस और फस्र्ट एड ट्रेनिंग के लिए नया पोर्टल तैयार किया है। नए पोर्टल के तहत अभ्यर्थियों को जिला कार्यालय के चक्कर काटने के आवश्यकता नहीं होगी। अभ्यार्थी घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन और प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को ऑनलाइन वीडियो ट्यूटोरियल देखना होता है। इसमें सड़क दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार, घायल व्यक्ति की सहायता, रक्तस्राव रोकने, सुरक्षित ड्राइविंग और जीवन रक्षक उपायों की जानकारी दी जाती है। वीडियो देखने के बाद एक ऑनलाइन परीक्षा होगी, यदि कोई पहली बार में असफल होता है, तो उसे दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story