हर जिले में आधार अपडेट सुविधा और टेस्टिंग लैब खोलने की तैयारी : अंकुश मिगलानी

WhatsApp Channel Join Now
हर जिले में आधार अपडेट सुविधा और टेस्टिंग लैब खोलने की तैयारी : अंकुश मिगलानी


-यूथ रेडक्रॉस ओरिएंटेशन वर्कशॉप में मानवता की सेवा के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान

चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि रेडक्रास सोसायटी मानव सेवा के साथ अब जनसुविधाएं मुहैया करवाने में अग्रणी संस्था बनेगी। जिला रेडक्रास कार्यालयों में आधार अपडेट सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे आमजन को नामांकन और अपडेट की सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में टेस्टिंग लैब स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जहां सिविल अस्पतालों के अनुरूप निर्धारित दरों पर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका लाभ गरीब, जरूरतमंद और आम नागरिकों को मिलेगा।

वाइस चेयरमैन हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय यूथ रेडक्रास ओरिएंटेशन वर्कशाप में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्य महासचिव डॉ. सुनील कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी डयुना और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने मुख्यातिथि और विशिष्ट अतिथि का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। ओरिएंटशन वर्कशाप में प्रदेश के 16 सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों से 29 कार्यक्रम समन्वयकों और यूथ रेडक्रॉस काउंसलरों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना रहा।

वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि मानवता की सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों के लिए उम्मीद का नाम है। उन्होंने कार्यक्रम समन्वयकों और काउंसलरों से ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

वर्कशॉप में गुरुग्राम और सोनीपत जिला रेडक्रॉस शाखाओं के सचिवों ने रिसोर्स पर्सन के रूप में अपने जिलों में चल रही गतिविधियों की जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए भविष्य की कार्य योजनाओं पर मंथन किया।

इस अवसर पर प्रोफेसर डीएस राणा, डॉ. रिंकू पूनिया, डॉ. आदेश कुमार, डॉ. दीपक गर्ग, डॉ. संजय कुमार, डॉ. जशदीप चड्ढा, डॉ. दिनेश चहल, डॉ. गरजीत कौर, डॉ. महावीर प्रसाद, राजेंद्र पाल सिंह, प्रो. अंजू धीमान, डॉ. मीनू, डॉ. नीलम वशिष्ठ, डॉ. प्रियंका रंगा, डॉ. बिशम्बर दास सहित राज्य मुख्यालय के अधिकारी एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story