हरियाणा में बाजरे की सरकारी खरीद बंद

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य की अनाज मंडियों से बाजरे की खरीद को बंद कर दिया है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) के मुख्य प्रशासक की ओर से निर्देश जारी होने के बाद सभी मंडियों में मंगलवार से बाजरे की खरीद रोक दी गई।

मंडियों के सचिव-सह-कार्यकारी अधिकारी और एएसएमसी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आढ़ती एसोसिएशन और संबंधित आढ़तियों के साथ ही किसानों तक खरीद बंद करने के फैसले की सूचना पहुंचाएं। जो किसान किसी कारणवश अपनी बाजरे की फसल नहीं बेच पाए हैं, ऐसे किसानों के मामलों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित उपायुक्त की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। समिति द्वारा जांच के बाद जिन किसानों के मामले सही पाए जाएंगे और मंजूर किए जाएंगे, उनकी सूची संबंधित उपायुक्त के माध्यम से बोर्ड मुख्यालय अथवा हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेजी जाएगी।

इन मामलों पर विचार और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद संबंधित किसानों को खरीफ विपणन सीजन के दौरान ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से अपना बाजरा बेचने की अनुमति दी जा सकेगी। इस तरह 10 नवंबर से सामान्य सरकारी खरीद बंद होने के बावजूद सत्यापित और स्वीकृत मामलों वाले वास्तविक किसानों को अपनी फसल बेचने का अवसर मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story