हरियाणा:पॉलिटेक्निक संस्थानों में शुरू होंगे 11 नए रोजगारोन्मुखी कोर्स

WhatsApp Channel Join Now

उद्योग 4.0 की जरूरतों के अनुरूप बड़ा कदम, युवाओं को मिलेगा आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण

चंडीगढ़, 04 जून (हि.स.)। बदलती तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के बीच नायब सरकार ने युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की तैयारी की है। आगामी शैक्षणिक सत्र से सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में साइबर फॉरेंसिक्स, वीएलएसआई, इलेक्ट्रिक व्हीकल और पत्रकारिता सहित कई आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

नायब सरकार ने तकनीकी शिक्षा को रोजगार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ते हुए 11 नए आधुनिक और रोजगारोन्मुखी कोर्स शुरू होंगे, जिससे युवाओं को तकनीकी कौशल के साथ बेहतर रोजगार अवसर मिल सकेंगे।

शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने गुरुवार काे बताया कि तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा यह कदम उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं, तकनीकों तथा कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि आज का युग तेजी से बदलती तकनीक का है, इसलिए हमारे युवाओं के पास ऐसे हुनर होने चाहिए जो उन्हें तुरंत रोजगार दिला सकें।

उन्होंने बताया कि राजकीय संस्थानों में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआई डिज़ाइन एवं टेक्नोलॉजी), साइबर फॉरेंसिक्स एवं सूचना सुरक्षा, टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, आर्टिफिसर ट्रेनिंग (इलेक्ट्रिकल), पर्यावरण इंजीनियरिंग, जियो इन्फॉर्मेटिक्स एवं सर्वेक्षण प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी, टेक्नीशियन एक्स-रे टेक्नोलॉजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, शुगर टेक्नोलॉजी तथा एपैरल डिज़ाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी कोर्स शुरू होंगे।

महीपाल ढांडा ने कहा कि इन सभी नए पाठ्यक्रमों में प्रत्येक कोर्स के लिए 60-60 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इन पाठ्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों, डिजिटल सुरक्षा, हरित प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाओं, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा विशेष औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित व्यावहारिक व रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) तथा उद्योग 4.0 की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी। तकनीकी शिक्षा विभाग का यह प्रयास न केवल युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि उद्योगों के लिए राज्य में ही कुशल और योग्य मानव संसाधन भी तैयार करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story