हरियाणा पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’
चंडीगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने आगामी स्वतंत्रता दिवस 2026 के मद्देनजर प्रदेश में ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ शुरू किया है। इस विशेष अभियान के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों सहित गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ कर उन्हें कानून के दायरे में लाना तथा स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान प्रदेश में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न इकाइयों द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अगस्त से तीन अगस्त तक तीन दिनों में 903 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 139 आरोपित इन गंभीर मामलों में सीधे गिरफ्तार किए गए, जबकि 767 अन्य मामलों में गिरफ्तार अपराधी भी इस अभियान के दौरान पकड़े गए।
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान पुलिस ने तीन दिनों में 103 गंभीर आपराधिक मामलों में कार्रवाई की। इनमें 43 आर्म्स एक्ट, 19 हत्या के प्रयास, 16 हत्या, 4 फिरौती, 7 लूट, 3 डकैती, 6 स्नैचिंग तथा 3 अपहरण के मामले शामिल हैं। इन मामलों में कुल 103 मामलों के विरुद्ध 139 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत प्रदेशभर में ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ विशेष अभियान चलाया गया है, जिसका उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 13 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 81 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को सुदृढ़ किया गया, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधियों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

