प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री व विधायक

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अगुवाई में हरियाणा के सभी भाजपा विधायक आगामी तीन अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। पिछले 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प माह के बीच विधायकों की प्रधानमंत्री के साथ यह मुलाकात प्रस्तावित है। भाजपा की ओर से सभी विधायकों को दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले सभी विधायक दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में एकत्र होंगे। दोपहर करीब 2 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विधायकों के लिए भोज रखा गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता विधायकों के साथ बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि इसी दौरान प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक को लेकर जरूरी बिंदुओं पर भी चर्चा हो सकती है।

सभी विधायकों का एक साथ प्रधानमंत्री से मिलना सरकार और संगठन के बीच तालमेल के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश से जुड़े विकास कार्यों, सरकार की योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि प्रधानमंत्री के साथ बैठक का विस्तृत एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विधायकों से फीडबैक भी ले सकते हैं। विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और स्थानीय स्तर की प्राथमिकताओं की जानकारी रख सकते हैं। इसके अलावा संगठन और सरकार के स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

कार्यक्रम के मुताबिक, पहले हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री के साथ दोपहर बोझ और बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और सभी भाजपा विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए रवाना होंगे।

हाल के दिनों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता प्रदेश में पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में साथ नजर आए हैं। हरियाणा सरकार की ओर से जारी जानकारी में भी दोनों के एक साथ कार्यक्रमों में शामिल होने का उल्लेख है।

इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पार्टी के सभी विधायक एक साथ प्रधानमंत्री के सामने होंगे। इससे विधायकों को सीधे प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर मिलेगा और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को केंद्रीय स्तर तक रखने का मौका भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story