हरियाणा में शुरू होगा पशुधन सुरक्षा का महाअभियान

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 10 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार प्रदेश के पशुधन को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए 11 मई सोमवार से राज्यव्यापी विशेष टीकाकरण महाअभियान शुरू करने जा रही है।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को बताया कि पशुपालकों को अपने पशुओं को लेकर अस्पतालों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि विभाग के कुशल पशु चिकित्सक और सहायक घर-घर जाकर इस सेवा को सुनिश्चित करेंगे।

सरकार के निर्देशानुसार, पशुपालन विभाग की टीमें मुंह खुर और गलघोंटू जैसी खतरनाक छूत की बीमारियों से पशुओं की सुरक्षा के लिए विभाग की टीमें घर-घर जाकर निशुल्क टीकाकरण करेंगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में चार महीने से अधिक आयु की सभी गायों और भैंसों को शामिल किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य पशुधन को सुरक्षा कवच प्रदान कर पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाना और डेयरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। यह टीकाकरण-सेवा पूरी तरह से नि:शुल्क प्रदान की जाएगी, ताकि प्रदेश के छोटे से छोटे पशु पालक पर भी कोई आर्थिक बोझ न पड़े। टीकाकरण अभियान के तहत 4 महीने से अधिक आयु की सभी गायों और भैंसों का टीकाकरण किया जाएगा। पहले इन रोगों के लिए अलग-अलग टीके लगाए जाते थे, लेकिन अब हरियाणा देश का पहला और एकमात्र ऐसा राज्य बन गया है जहां इन दोनों बीमारियों से बचाव के लिए एक ही संयुक्त टीके का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे पशुओं को बार-बार होने वाली पीड़ा से राहत मिली है और पशुधन का प्रबंधन भी सुगम हुआ है।

महा-अभियान की सफलता के लिए वैक्सीन के परिवहन और भंडारण हेतु पुख्ता इंतजाम किए हैं। टीकों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 'आइस लाइन्ड रेफ्रीजिरेटर' और कोल्ड चैन का विशेष प्रबंधन किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story