हरियाणा ओलंपिक गेम्स को स्पोर्ट्स ग्रेडेशन नीति में मिली मान्यता
प्रदेश के हजारों खिलाडिय़ों मांग पूरी, सरकार ने जारी की अधिसूचना
चंडीगढ़, 26 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ी राहत देते हुए स्पोर्ट्स ग्रेडेशन नीति में संशोधन कर हरियाणा ओलंपिक गेम्स को आधिकारिक मान्यता दे दी है। खेल एवं युवा मामले विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर सिंह ‘मीनू’ बेनीवाल ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से संघ की ओर से यह मांग उठाई जा रही थी कि हरियाणा ओलंपिक गेम्स को भी ग्रेडेशन नीति में शामिल किया जाए, ताकि राज्य स्तरीय बहु-खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी वही अवसर मिलें, जो अन्य मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं के खिलाडिय़ों को मिलते हैं। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद यह मांग पूरी हो गई है।अधिसूचना के अनुसार अब हरियाणा ओलंपिक गेम्स के प्रदर्शन को भी स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट के लिए मान्य प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा। यह संशोधन एक नवंबर, 2025 से प्रभावी माना जाएगा। सरकार ने वर्ष 2018 की स्पोर्ट्स ग्रेडेशन गाइडलाइन में संशोधन करते हुए प्रतियोगिताओं की सूची में श्रेणी-13 के अंतर्गत हरियाणा ओलंपिक गेम्स को शामिल किया है। अधिसूचना के अनुसार अब कई प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन को ग्रेडेशन के लिए मान्यता मिलेगी। इनमें हरियाणा स्टेट गेम्स (हरियाणा ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित), हरियाणा स्टेट चैंपियनशिप, हरियाणा स्टेट वूमेन स्पोर्ट्स, हरियाणा स्टेट खेल महाकुंभ और हरियाणा स्टेट ग्रामीण एवं पंचायत खेल शामिल हैं। इसके साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित खेल वही होंगे, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक चार्टर, भारतीय ओलंपिक संघ अथवा संबंधित विश्व खेल निकाय मान्यता देते हैं।स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट खिलाडिय़ों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक माना जाता है। इसी के आधार पर खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरियों में खेल कोटा, भर्ती प्रक्रियाओं, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा अन्य संस्थागत लाभों का पात्र माना जाता है। अब हरियाणा ओलंपिक गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी इन लाभों के लिए ग्रेडेशन का अधिकार मिलेगा, जिससे बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों के लिए नए अवसर खुलेंगे।हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कप्तान जसविंद्र सिंह मीनू बेनीवाल ने इस बदलाव के लिए सीएम नायब सिंह सैनी और खेल मंत्री गौरव गौतम का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से हरियाणा ओलंपिक गेम्स की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और अधिक खिलाड़ी इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे। इससे जिला और राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा मजबूत होगी तथा प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को शुरुआती स्तर पर ही पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

