हरियाणा: निकाय चुनाव में शाम सात बजे तक 54.1 फीसदी मतदान
चंडीगढ़, 10 मई (हि.स.)। हरियाणा के सात नगर निगमों और पंचायती राज संस्थाओं के 528 पदों के लिए रविवार को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार शाम सात बजे तक पूरे प्रदेश में 54.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 8 लाख 73 हजार 177 मतदाताओं में से शाम 7 बजे तक चार लाख 72 हजार आठ मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव आयुक्त कार्यालय के अनुसार, प्रदेश के सांपला नगर पालिका क्षेत्र में सर्वाधिक मतदान हुआ जबकि अन्य स्थानों पर मतदान औसत ही रही। प्रदेश के तीन नगर निगमों-पंचकूला, सोनीपत तथा अंबाला के शहरी क्षेत्रों में अधिकतर मतदाता अपने मतदान केंद्र से दूर ही रहे। जबकि निगमों के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियां, ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया सुबह से ही तेज रही। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद शाम छह बजे मतदान केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। जो लोग छह बजे तक कतारों में खड़े थे उन्हें वोट डालने का अवसर प्रदान किया गया।
अंबाला, सोनीपत व पंचकूला में मेयर पद के लिए कुल 18 तथा रेवाड़ी में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रदेश के सभी सात निकायों में इस समय वार्ड सदस्यों के लिए कुल 557 तथा पंचायत राज संस्थाओं के लिए 601 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
रेवाड़ी में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक युवक फर्जी वोट डालते हुए पकड़ा गया। प्रत्याशियों के हंगामे के बाद पुलिस की टीम ने युवक को हिरासत में ले लिया। यहीं के वार्ड नंबर 4 में कुछ लोगों ने एक महिला को घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महिला सुबह से 4 बार वोट डालकर जा चुकी है। उसकी उंगली पर स्याही का निशान भी नहीं है। धारूहेड़ा में चेयरपर्सन पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज ने भाजपा पर पैसे बांटने के आरोप लगाए। सांपला में भी फर्जी मतदान को लेकर भाजपा तथा निर्दलीय प्रत्याशी समर्थकों के बीच झड़प हुई।
अंबाला में नगर निगम के बाहर कांग्रेस ने हंगामा किया। वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी कुलजीत कौर के समर्थकों ने बताया कि सुबह से ही गड़बडिय़ां शुरू हो गई थीं। एक महिला को पकड़ा गया, जिसका नाम तो वोटर लिस्ट से मेल खाता था, लेकिन पता और फोटो अलग था।
उकलाना के बूथ नंबर 5 पर 80 वर्षीय दादा का वोट डलवाने आई युवती ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। युवती ने कहा कि उन्होंने अंदर ले जाने के लिए व्हीलचेयर तक नहीं दी।
सोनीपत के डीएवी स्कूल में बनाए गए बूथ नंबर 61 के बाहर वोट करने आई 91 वर्षीय भवानी देवी सडक़ पर ही गिर गई। परिवार का आरोप है कि पोलिंग स्टेशन पर व्हीलचेयर नहीं मिली। जिसके बाद उन्हें स्कूटी पर बैठाकर वोट डलवाने ले जाया गया। यहीं के वार्ड नंबर 17 में फर्जी वोटिंग का मामला सामने आया है। दो महिलाओं और एक पुरुष ने आरोप लगाया कि जब वे वोट डालने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी वोट पहले ही डाली जा चुकी है।
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान केंद्र बंद होने के बाद भी कतार में खड़े मतदाताओं को वोट डालने का मौका दिया गया। अंतिम मतदान प्रतिशत बाद में जारी किया जाएगा।जिला-वार मतदान प्रतिशत (शाम 7 बजे तक) इस प्रकार रहा : रोहतक में सर्वाधिक 79.2 प्रतिशत, हिसार में 75.7 प्रतिशत, रेवाड़ी में 65.1 प्रतिशत, अंबाला में 54.5 प्रतिशत, पंचकूला में 52.2 प्रतिशत तथा सोनीपत में सबसे कम 47.4 प्रतिशत मतदान हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

