मुख्यमंत्री सैनी ने समता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सैनी ने समता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया


चंडीगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित समता मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह दौड सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने न केवल मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया, बल्कि प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका मनोबल भी बढ़ाया। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, त्याग और संकल्प की एक अद्भुत गाथा है। उन्होंने अपने पूरे जीवन को समाज के उस वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया जो सदियों से वंचित और शोषित रहा। उन्होंने हमें केवल संविधान ही नहीं दिया बल्कि एक ऐसी विचारधारा दी जो समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांत पर आधारित है।

सैनी ने कहा कि यह मैराथन हमें यह संदेश देती है कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव, असमानता या अन्याय स्वीकार नहीं है। हमें मिलकर ऐसे भारत का निर्माण करना है जहां हर व्यक्ति को समान अवसर मिले, हर नागरिक को सम्मान मिले और कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे। यही बाबा साहेब का सपना था और यही हमारे संविधान की आत्मा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई है, जिनका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पंहुचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का स्पष्ट मानना है कि जब तक समाज का हर वर्ग सशक्त नहीं होगा तब तक प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है इसलिए हम लगातार ऐसी नीतियां बना रहे हैं जो समाज के कमजोर वर्गों को मुख्य धारा में लाने का कार्य करे।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story