पंचकूला स्कूल में घायल केजी की छात्रा पीजीआई से डिस्चार्ज
चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। पंचकूला के सरकारी स्कूल में एक छात्र की पिटाई से घायल हुई केजी की छात्रा को बुधवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ से छुट्टी दे दी गई। बच्ची के चाचा ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने मंगलवार शाम को ही उसे पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए डिस्चार्ज करने की सलाह दी थी। हालांकि, बच्ची को खांसी-जुकाम की शिकायत हो गई है।
दूसरी ओर, आरोपी छात्र का मेंटल असेसमेंट टेस्ट पूरा हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, जांच में उसका व्यवहार असामान्य पाया गया है। डॉक्टरों ने उसके इलाज की भी सिफारिश की है। अब जल्द ही उसे दोबारा जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। बोर्ड छात्र की मानसिक स्थिति और काउंसलर की रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा।
सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद कमरा नंबर-19 को अब भी जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। यह कमरा कक्षा 11वीं आर्ट्स-2 को आवंटित है, लेकिन घटना के बाद से यहां पढ़ाई बंद है। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

