हरियाणा: 11 औद्योगिक क्षेत्रों में ई-ऑक्शन से होंगे प्लॉट आवंटन
चंडीगढ़, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा में नए उद्योगों की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने एक साथ कई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में नए प्लॉट अलॉट करने की तैयारी कर ली है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने 11 औद्योगिक एस्टेट में औद्योगिक प्लॉटों की ई-नीलामी की घोषणा की है। इसके तहत छोटे, मध्यम और बड़े निवेशकों के लिए अलग-अलग आकार के प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। ई-ऑक्शन प्रक्रिया सामान्य श्रेणी के तहत होगी और पात्र आवेदकों को आवेदन का अवसर मिलेगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन और ईएमडी जमा करने की प्रक्रिया 22 जून तक चलेगी, जबकि ई-नीलामी जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू करने की तैयारी है।
ई-नीलामी में आईएमटी मानेसर फेज-5, आईएमटी खरखौदा, आईएमटी फरीदाबाद, आईई कुंडली, आईई राय, आईजीसी साहा, आईआईडीसी सिरसा, आईई नरवाना और पंचकूला एक्सटेंशन-2 समेत कई औद्योगिक क्षेत्र शामिल किए गए हैं। पंचकूला एक्सटेंशन-2 में फार्मा पार्क और आईटी सेक्टर के लिए भी अलग प्लॉट रखे गए हैं।
योजना के तहत 250 वर्गमीटर से लेकर 16 हजार वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे। आरक्षित दरें क्षेत्र के अनुसार तय की गई हैं। सबसे ऊंचा आरक्षित मूल्य मानेसर फेज-5 में 68,800 रुपये प्रति वर्गमीटर रखा गया है, जबकि साहा और नरवाना जैसे क्षेत्रों में यह अपेक्षाकृत कम रखा गया है। एचएसआईआईडीसी ने एकमुश्त भुगतान करने वाले निवेशकों के लिए चरणबद्ध छूट की व्यवस्था भी रखी है। नियमित आवंटन पत्र जारी होने के 45 दिन के भीतर पूरा भुगतान करने पर 10 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। बाद की अवधि में यह रियायत घटती जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

