हरियाणा : स्कूलों में बुनियादी ढांचे की जांच करेंगे आईएएस व एचसीएस

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने स्कूलों में व्यवस्थाओं की असल ग्राउंड रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा अफसरों को सौंपा है। चंडीगढ़ मुख्यालय से आईएएस और एचसीएस अधिकारी जिलों में पहुंचकर व्यवस्थाओं को खुद परखेंगे। यह रिपोर्ट शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को सौंपी जाएगी जिसके आधार पर स्कूलों में बुनियादी ढांचा विकास हेतु कार्य किया जाएगा।प्रदेश के राजकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी, शौचालयों और चारदीवारी की खस्ताहालत की शिकायतें सीएमओ में पहुंच रही हैं। जिसमें, जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी प्रमुख हैं। लिहाजा, इन कमियों की असल तस्वीर परखने के लिए सरकार की ओर से 23 जिलों का जिम्मा अफसरों को सौंपा गया है, जोकि स्कूलों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार इन अधिकारियों को संबंधित जिलों में सरकारी स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करना होगा। विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है या नहीं इसकी असलियत जांचनी होगी।

शिक्षा विभाग ने ओर से स्पष्ट हिदायत दी गई है कि सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित जिलों के स्कूलों का दौरा कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को सौंपेंगे।

अंबाला जिले का निरीक्षण स्वयं प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा विजय सिंह दहिया द्वारा किया जाएगा। महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार आईएएस को गुरुग्राम, राज्य परियोजना निदेशक स्वप्निल रविंद्र पाटिल को कुरुक्षेत्र तथा निदेशक मौलिक शिक्षा मनीता मलिक को पंचकूला जिले की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई संयुक्त निदेशकों, उप निदेशकों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों का निरीक्षण कार्य सौंपा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story