भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त सफर सुविधा

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तथा अन्य माध्यमों से होने वाली भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को मुफ्त सफर सुविधा प्रदान की जाएगी। परीक्षा के दौरान आम यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए सरकार द्वारा एक पोर्टल बनाया जाएगा जिसके माध्यम से अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा सकेंगे।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी। आयोग के चेयरमैन पहले ही संकेत दे चुके हैं कि प्रदेश में बहुत जल्द भारी संख्या में सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। दूसरा आयोग द्वारा ग्रुप डी की परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा।

इस बीच हिम्मत सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बनने जा रहा है जहां सभी 23 जिलों में 90 विधानसभा हलकों में आदर्श परीक्षा केंद्र की स्थापना की जाएगी। जिससे अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परीक्षा देने के लिए सुविधाएं मिलेंगी। इससे युवाओं की एक शहर से दूसरे शहर जाने की परेशानी भी कम होगी।

हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं के मद्देनजर सरकार की तरफ से एक विशेष पोर्टल बनाया जाएगा। जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों को फ्री बस सुविधा प्रदान की जाएगी। आयोग प्रयास करेगा कि इस सूचना को अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर भी उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए भी आयोग ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story