हरियाणा सरकार ने 38 चिकित्सा अधिकारियों को किया पदोन्नत

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य के 38 चिकित्सा अधिकारियों को पदोन्नत कर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया है। सरकार के इस कदम से हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की पुरानी मांग पूरी हो गई है।इस संबंध में सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पिछले दिनों एसोसिएशन के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से मुलाकात की थी। इस बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चिकित्सा अधिकारियों की पदोन्नति में आ रही बाधाओं और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर प्रमोशन की मांग को प्रमुखता से उनके सामने रखा था। डॉक्टरों की जायज मांगों और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की जरूरत को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस पर तुरंत सकारात्मक रुख अपनाया और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को इस संबंध में फाइल पर तेजी से काम करते हुए त्वरित कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए।स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के बाद विभाग ने आधिकारिक तौर पर 38 चिकित्सा अधिकारियों को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर प्रमोट करने के आदेश जारी कर दिए। एसोसिएशन ने सरकार के इस त्वरित फैसले का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story