दो वर्षों से लंबित राज्य शिक्षक पुरस्कार पर हसला ने जताया रोष

WhatsApp Channel Join Now
दो वर्षों से लंबित राज्य शिक्षक पुरस्कार पर हसला ने जताया रोष


-हसला ने निदेशक से बैठक कर उठाए कई मुद्दे

चंडीगढ़, 27 जून (हि.स.)। हरियाणा में पिछले दो वर्षों से शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर दिए जाने वाले राज्य शिक्षक पुरस्कार (स्टेट अवॉर्ड) लंबित हैं। इस मुद्दे सहित विभिन्न मांगों को लेकर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंधु के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक जितेंद्र दहिया से मुलाकात की। बैठक में निदेशक जितेंद्र दहिया ने बताया कि नई ट्रांसफर पॉलिसी की अधिसूचना जारी हो चुकी है। जल्द ही शिक्षकों को मेडिकल प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाएगा, जिसके बाद ट्रांसफर का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा।

बैठक के दौरान हसला ने पिछले दो वर्षों से लंबित राज्य शिक्षक पुरस्कार (स्टेट अवॉर्ड) तथा सीसीएल ऑनलाइन लिंक शुरू न होने के मुद्दे पर कड़ा रोष व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि इन मामलों को लगातार उठाए जाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। इस पर निदेशक जितेंद्र दहिया ने आश्वस्त किया कि वे इन विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।

बैठक में 55 से 58 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षकों के एक्सटेंशन मामलों की स्वीकृति का अधिकार जिला स्तर पर देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई, ताकि इन मामलों का समयबद्ध निपटारा हो सके। इसके अलावा द्वितीय शनिवार के अवकाश को तृतीय शनिवार में परिवर्तित करने का सुझाव भी रखा गया। निदेशक ने कहा कि इस विषय पर अन्य कैडर की राय लेने के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।

हसला ने मेडिकल प्रतिपूर्ति के मामलों में निदेशालय स्तर पर बार-बार लगने वाली आपत्तियों का मुद्दा भी उठाया और स्पष्ट चेकलिस्ट जारी करने की मांग की, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और सीएम श्री विद्यालयों में कार्यरत एनसीसी एएनओ को परीक्षा से छूट देने तथा पीजीटी कंप्यूटर साइंस शिक्षकों के लिए पायथन भाषा की विशेष प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने का आग्रह भी किया गया। प्रतिनिधिमंडल में राज्य उपप्रधान बलवान कुंडू, राज्य सहसचिव राजकुमार, कैथल जिला प्रधान राजीव मलिक, चरखी दादरी जिला प्रधान विद्यानंद श्योराण, बिजेंद्र सिंह, डॉ. नरेंद्र संधू तथा सचिन धीमान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story