हरियाणा सरकार ने सात आईएएस,दस एचसीएस बदले
-आईएएस मोनिका मलिक होंगी रोहतक की मंडल आयुक्त
चंडीगढ़, 26 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने बीती रात प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात आईएएस, एक आईएफएस तथा दस एचसीएस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी कर दिए हैं। तबादला सूची में शामिल अधिकतर अधिकारियों ने शुक्रवार को अपने नए स्थान पर कार्यभार भी संभाल लिया है।
अब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रभजोत सिंह हरियाणा के परिवहन निदेशक होंगे। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा गुरुवार आधी रात को जारी किए गए आदेशों के अनुसार आईएएस मोनिका मलिक रोहतक मंडल की नई आयुक्त होंगी। वह राजीव रतन का स्थान लेंगी। इसके अलावा उच्च-तकनीकी शिक्षा, परिवहन, पर्यावरण और शहरी निकाय विभागों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। हरियाणा सरकार ने चार महत्वपूर्ण पदों को आईएएस (सीनियर स्केल) के बराबर दर्जा दिया है। ये पद फरीदाबाद में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक, अर्बन एस्टेट फरीदाबाद के अतिरिक्त निदेशक, करनाल नगर निगम के आयुक्त और हिसार के जिला नगर आयुक्त के हैं। अब इन पदों पर काम करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी और सम्मान एक आईएएस अधिकारी के स्तर का माना जाएगा।
तबादला सूची में शामिल आईएएस अधिकारी शशि वसुंधरा की नई पोस्टिंग के आदेश अलग से जारी किए जाएंगे। फिलहाल उन्हें मुख्य सचिव कार्यालय में जॉइनिंग रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
आईएएस नीरज को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण फरीदाबाद का प्रशासक तथा अतिरिक्त निदेशक, अर्बन एस्टेट फरीदाबाद बनाया गया। आईएएस सलोनी शर्मा को नगर निगम करनाल का आयुक्त नियुक्त किया गया। आईएएस हितेश कुमार मीणा को वित्त विभाग में अतिरिक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। आईएएस सी. जयशाराधा को हिसार का जिला नगर आयुक्त, नगर निगम आयुक्त तथा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के अतिरिक्त सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आईएएस प्रभजोत सिंह को महानिदेशक, राज्य परिवहन हरियाणा नियुक्त किया गया। वीरेंद्र कुमार दहिया को उच्च शिक्षा विभाग का महानिदेशक एवं विशेष सचिव बनाया गया। साथ ही तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया। इसके अलावा आईएफएस एस. नारायणन को महानिदेशक, पर्यावरण एवं सचिव, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग बनाया गया।
एचसीएस अधिकारियों की तबादला सूची के अनुसार कुशल कटारिया को अतिरिक्त नगर आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम बनाया गया। पंकज कुमार को अतिरिक्त निदेशक, शहरी स्थानीय निकाय एवं संयुक्त सचिव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला। डॉ.सुभाष चंदर को संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा संयुक्त निदेशक (प्रशासन), हॉस्पिटैलिटी विभाग बनाया गया। मानव मलिक को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। मनीष कुमार यादव को एसडीएम, गुहला नियुक्त किया गया। गुरविंदर सिंह को एसडीएम, पिहोवा बनाया गया। अर्पित गहलावत को जिला रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी, गुरुग्राम नियुक्त किया गया। सपना यादव को संयुक्त आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम बनाया गया।
मयंक वर्मा को आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिला। सुरेश को सिटी मजिस्ट्रेट, करनाल नियुक्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

