हरियाणा सरकार ने हड़ताली फायर ब्रिगेड व सफाईकर्मियों काे वार्ता के लिए बुलाया

WhatsApp Channel Join Now

प्रदेश में फायर व सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म होने के आसार

चंडीगढ़, 12 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में हड़ताल कर रहे फायर ब्रिगेड तथा सफाई कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाया है। बुधवार को चंडीगढ़ में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में कर्मचारी नेताओं की बैठक होगी। शहरी निकाय विभाग और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी इस बातचीत में शामिल रहेंगे, ताकि लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध खत्म किया जा सके।

बुधवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में सुबह 11 बजे से शहरी निकाय मंत्री आंदोलनकारी कर्मचारी नेताओं के साथ वार्ता करेंगे। इस हड़ताल की वजह से पिछले लंबे समय से सफाई व्यवस्था ठप पड़ी है और गर्मी के सीजन के बावजूद आग बुझाने की प्रक्रिया बंद है। विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से इसे खत्म कराने व कर्मचारियों की मांगें मानने का आग्रह कर चुके हैं।

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने सोमवार को 14 मई तक हड़ताल बढ़ाने की घोषणा की थी। 16 फरवरी की आगजनी में घायल होने के बाद भावी चंद व रणबीर सिंह की मृत्यु हो गई थी। कालकाजी स्टील कंपनी के मजदूर प्रदीप कुमार व बृजपाल भी हादसों का शिकार हो चुके हैं। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा व राष्ट्रीय महासचिव ए श्रीकुमार पालिका एवं फायर कर्मियों की हड़ताल का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि सभी विभागों के काम का ठेका खत्म तो सफाई कर्मचारियों का ठेका क्यों चल रहा है। सभी विभागों में ग्रुप डी एवं सी के कर्मचारियों की कुछ भर्तियां की गई तो फिर सफाई कर्मचारियों की पक्की भर्ती क्यों नहीं हुई है। गुरुग्राम के कर्मचारियों द्वारा ठेके का विरोध करने पर 3480 कर्मचारियों की छंटनी, आंदोलनकारी 26 नेताओं की नौकरी टर्मिनेट करने एवं सैकड़ो कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे व चार्जशीट कर वेतन काटने का भी विरोध किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story