हरियाणा में अधिक से अधिक जॉब फेयर आयोजित होंगे
-युवाओं को तुरंत रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर: शिक्षा मंत्रीचंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक रोजगार मेले (जॉब फेयर) आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार तुरंत काम मिल सके।
शिक्षा मंत्री सोमवार को पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा बोर्ड के कार्यालय में बहु-तकनीकी (पॉलिटेक्निक) शिक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजकीय संस्थानों, सोसाइटी संस्थानों व इंजीनियरिंग कॉलेजों में हॉस्टल, सुलभ शौचालयों और पीने के पानी की व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर व आधुनिक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कॉलेजों की प्रयोगशालाओं में अत्याधुनिक उपकरणों का प्रबंध तुरंत किया जाए ताकि छात्र व्यावहारिक ज्ञान अच्छी तरह हासिल कर सकें। बुनियादी ढांचे और तकनीकी संसाधनों में किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में हरियाणा के तकनीकी शिक्षण संस्थानों के प्रति छात्रों का रुझान अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। डिप्लोमा फार्मेसी, बी.ई. और बी.टेक जैसे तकनीकी कोर्सों में दाखिलों की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी तरह, राजकीय संस्थानों और राज्य विश्वविद्यालय के विभागों में भी प्रवेश का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
बैठक में जानकारी दी गई कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में बड़े स्तर पर जॉब मेले और प्लेसमेंट ड्राइव चलाए गए। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसके तहत 4,650 विद्यार्थियों का सीधे कैंपस प्लेसमेंट हुआ है, जबकि 1,142 युवाओं को रोजगार मेलों के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरियां मिली हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

