हरियाणा के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को वाराणसी यात्रा करवाएगी सरकार

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर को 4 दिवसीय नि:शुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस विशेष ट्रेन को हरीझंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने के लिए पोर्टल खोल दिया गया है।

इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वो यथाशीघ्र अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें। रजिस्ट्रेशन सरल पोर्टल पर किया जा रहा है। डॉ दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या तथा महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। योजना के तहत पात्रता के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story