सरकार ने मांगी 50 हजार प्रतिमाह से अधिक पारिश्रमिक पाने वाले अनुबंध कर्मचारियों की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और प्राधिकरणों में ऐसे पदों की पहचान करने और आंकड़े जुटाने का निर्णय लिया है जहां अनुबंध कर्मचारी प्रतिमाह 50,000 रुपये से अधिक पारिश्रमिक ले रहे हैं।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों/निगमों/प्राधिकरणों के प्रबंध निदेशकों एवं मुख्य प्रशासकों, मंडलायुक्तों तथा उपायुक्तों को ऐसे कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है, जिन्होंने 15 अगस्त, 2024 तक अनुबंध आधार पर 5 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली है।

सभी संबंधित विभागों और संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी 30 मई, 2026 तक ई-मेल पर भेजना सुनिश्चित करें। मांगी गई जानकारी में विभाग/बोर्ड/निगम/प्राधिकरण का नाम, पद का नाम, ऐसे पदों पर कार्यरत अनुबंध कर्मचारियों की संख्या, कर्मचारी जिस पद के विरुद्ध कार्यरत है वह स्वीकृत है या नहीं, नियुक्ति का तरीका, मासिक पारिश्रमिक, कार्य की प्रकृति, अनुबंध की अवधि तथा आवश्यक औचित्य संबंधी टिप्पणियां शामिल हैं। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इन निर्देशों को सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story