मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लिया सप्ताह में एक दिन बिना वाहन काम करने का संकल्प
मंत्री और अधिकारी भी सीमित करेंगे वाहन, वर्चुअल बैठकों पर रहेगा जोर
चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और संसाधनों के उपयोग के आह्वान पर नायब सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सप्ताह में एक दिन बिना वाहन काम करने का संकल्प लिया है। यही नहीं, मुख्यमंत्री ने अपने फ्लीट में न्यूनतम वाहनों के उपयोग का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि सभी मंत्री, विधायक और अधिकारी यात्रा के दौरान सीमित वाहनों का उपयोग करें। उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल आवश्यक वाहन ही शामिल किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रहित में ईंधन की बचत और सरकारी संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही अधिकतम बैठकों को वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन खर्च को कम किया जा सके।
सरकार ने इस पहल को जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्रदेशवासियों से भी अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईंधन बचत केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है और सभी को इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

