हरियाणा के राज्यपाल से मिले 2025 बैच के आईएएस प्रोबेशनर्स

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के राज्यपाल से मिले 2025 बैच के आईएएस प्रोबेशनर्स


चंडीगढ़, 07 मई (हि.स.)। हरियाणा कैडर में नियुक्त हुए वर्ष 2025 बैच के छह आईएएस प्रोबेशनर्स ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हयिाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। प्रोबेशनर्स अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए राज्यपाल ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण भाव से करने तथा अपनी सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

प्रो.असीम कुमार घोष ने युवा अधिकारियों को लोक प्रशासन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुशासन सुनिश्चित करने, जनसेवाओं की प्रभावी एवं समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं को आमजन तक उनकी वास्तविक भावना के अनुरूप पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

राज्यपाल ने आईएएस प्रोबेशनर्स को सार्वजनिक सेवा के दौरान मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद वे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव विजय कुमार भाविकट्टी,कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय कार्य विभाग के सचिव पंकज तथा आईएएस प्रोबेशनर्स अमिततेज पांगटे, मुस्कान श्रीवास्तव, शिवानी पांचाल, सोहम शैलेंद्र, विशाल सिंह और विवेक यादव उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story