एम्स से डिस्चार्ज हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दो-तीन दिन आराम की सलाह

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बुधवार सुबह दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी मिल गई। डॉक्टरों ने उन्हें दो-तीन दिन आराम करने की सलाह दी है। फिलहाल वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर आराम करेंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार दोपहर नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें रातभर निगरानी में रखने की सलाह दी। इसके बाद उनके कुछ मेडिकल टेस्ट किए गए। बुधवार सुबह डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस दौरान उनकी पत्नी आशा हुड्डा और सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे।

दीपेंद्र हुड्डा ने फेसबुक पर पोस्ट कर बताया कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा बिल्कुल स्वस्थ हैं। उन्होंने लिखा कि नियमित जांच कराने के बाद हुड्डा अपने दिल्ली आवास पर लौट आए हैं और डॉक्टरों ने उन्हें दो-तीन दिन आराम करने की सलाह दी है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा इससे पहले भी स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। वर्ष 2021 में कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्ष 2023 में चंडीगढ़ में चक्कर आने और सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story