हरियाणा: मतदाता सूचियाें के विशेष गहन पुनरीक्षण में फतेहाबाद जिला सबसे आगे
-29.98 लाख गणना प्रपत्र हुए डिजिटल
चंडीगढ़, 27 जून (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान ने गति पकड़ ली है। राज्यभर में नियुक्त 20,629 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अब तक 2.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाई है। इनमें से एक करोड़ 94 लाख आठ हजार 758 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 29 लाख 98 हजार 313 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। यह कुल मतदाताओं का 14.52 प्रतिशत है।राज्य निर्वाचन विभाग के 27 जून शाम चार बजे तक के आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद इस अभियान में सबसे आगे है, जहां 29.55 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटल हो चुके हैं। इसके बाद कैथल (28.02 प्रतिशत) और रेवाड़ी (27.07 प्रतिशत) का स्थान है। चरखी दादरी (22.23 प्रतिशत) भी 20 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर चुका है।
वहीं, औद्योगिक और शहरी जिलों में अभियान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी है। फरीदाबाद में केवल 4.21 प्रतिशत तथा गुरुग्राम में 5.49 प्रतिशत प्रपत्रों का ही डिजिटाइजेशन हो पाया है। पंचकूला (7.31 प्रतिशत) और रोहतक (9.50 प्रतिशत) भी अभी 10 प्रतिशत से नीचे हैं। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन कर मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं और उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड भी कर रहे हैं। अभियान के आगे बढऩे के साथ डिजिटाइजेशन की रफ्तार में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
डिजिटाइजेशन में शीर्ष व फिसड्डी जिले
फतेहाबाद - 29.55 प्रतिशत
कैथल - 28.02 प्रतिशत
रेवाड़ी - 27.07 प्रतिशत
चरखी दादरी - 22.23 प्रतिशत
सिरसा - 18.97 प्रतिशत
फरीदाबाद - 4.21 प्रतिशत
गुरुग्राम - 5.49 प्रतिशत
पंचकूला - 7.31प्रतिशत
रोहतक - 9.50 प्रतिशत
सोनीपत - 11.39 प्रतिशत
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

