इलेक्ट्रिक बसों में मान्य होंगे विद्यार्थियों के बस-पास: नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
इलेक्ट्रिक बसों में मान्य होंगे विद्यार्थियों के बस-पास: नायब सिंह सैनी


-मुख्यमंत्री ने पानीपत इलेक्ट्रिक बस अड्डे का किया उद्घाटन, 80 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

चंडीगढ़, 28 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को राहत प्रदान करते हुए ऐलान किया है कि राज्य में नई शुरू होने जा रही इलेक्ट्रिक बसों में भी उनके बस पास मान्य होंगे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया तथा 80 इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 80 इलेक्ट्रिक बसों में पानीपत के लिए 40, यमुनानगर के लिए 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के लिए 10-10 तथा पंचकूला के लिए 5 बसें शामिल हैं। यह केवल बसें नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुगम और आधुनिक भविष्य की नई शुरुआत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 8 अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो निर्माणाधीन हैं, जहां बसों की चार्जिंग की आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘ग्रीन इंडिया’, ‘नेट जीरो’ और ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का विजन दिया है। पूरी दुनिया आज पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है और हरियाणा सरकार उसी सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बसों को रेलवे की तर्ज पर ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ने पर भी कार्य कर रही है, जिससे यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लोकेशन और आगमन समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही एक वर्ष के भीतर 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे तथा भविष्य में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले और शहर में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी तथा प्रदेश में पीपीपी मोड पर ट्रैफिक स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पानीपत, यमुनानगर, करनाल, पंचकूला और रोहतक सहित 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा उपलब्ध है। पहले से चल रही 75 ई-बसों में आज 80 नई बसें शामिल होने के बाद कुल संख्या 155 हो गई है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे महानगरों के लिए 650 स्टैंडर्ड फ्लोर एसी बसें शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम तथा चंडीगढ़ से कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे धार्मिक स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक एक्सप्रेस बसें खरीदी जाएंगी।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लगभग 7 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार यह आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल है। इन बसों के संचालन से लाखों किलो कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story