सोनीपत: हरियाणा रोडवेज कर्मचारी पांच व छह नवंबर को चक्का जाम करेंगे

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: हरियाणा रोडवेज कर्मचारी पांच व छह नवंबर को चक्का जाम करेंगे


सोनीपत, 03 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज के निजीकरण और लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों

ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। सांझा मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर 5 और 6 नवंबर

को प्रदेशभर में रोडवेज बसों का चक्का जाम रहेगा। इस दौरान सोनीपत सहित सभी डिपो के

कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारियों ने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

करने की भी घोषणा की है।

मंगलवार को सोनीपत में रोडवेज कर्मचारियों ने आंदोलन की रणनीति

बनाने के लिए बैठक की। सांझा मोर्चा हरियाणा के वरिष्ठ सदस्य मनजीत पहल ने कहा कि कर्मचारियों

की 10 प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी

है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी वजह से कर्मचारियों को हड़ताल का फैसला

लेना पड़ा है। कर्मचारियों ने कहा कि परिवहन विभाग के निजीकरण सहित विभिन्न मांगों

को लेकर वे लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। ऐसे

में 5 और 6 नवंबर को प्रदेशभर में बसों का संचालन बंद रखकर सरकार के सामने विरोध दर्ज

कराया जाएगा।

रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार, मंत्री अनिल विज की ओर से बैठक

बुलाने की बात कही गई थी, लेकिन सांझा मोर्चा ने उसमें शामिल होने से इनकार कर दिया।

कर्मचारियों का कहना है कि पहले भी सरकार के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनका

कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से बातचीत के लिए बुलाए जाने पर

सांझा मोर्चा वार्ता में शामिल होगा।

सांझा मोर्चा के सदस्य अनिल आंतिल ने कहा कि सरकार हरियाणा

रोडवेज के बेड़े में 3500 बसें होने की बात कहती है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं

का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने दावा किया कि हड़ताल में कर्मचारी एकजुट होकर

भाग लेंगे और इसे सफल बनाएंगे। हड़ताल के कारण दो दिन बस सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका

है। यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यात्रा से पहले बसों की उपलब्धता

की जानकारी लेना जरूरी होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story