शिक्षा विभाग में कर्मचारियों के विदेशी टूर पर रोक

WhatsApp Channel Join Now

-शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला अधिकारियों को जारी किया पत्र

चंडीगढ़, 12 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार के निर्देशों के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी अपने अधिकारियों व कर्मचारियों के विदेश टूर बैन कर दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, पंचकूला की ओर से जारी आदेश के तहत सितंबर 2026 तक विदेश यात्रा संबंधी किसी भी आवेदन को मंजूरी के लिए आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। केवल गंभीर चिकित्सीय उपचार से जुड़े मामलों में ही राहत दी जाएगी।

महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह फैसला हरियाणा के मुख्य सचिव द्वारा 10 जून को जारी एडवाइजरी के बाद लिया गया है। आदेश के बाद राज्यभर के सरकारी स्कूलों, जिला शिक्षा कार्यालयों और शिक्षा विभाग के अधीन संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि वह अपने अधीन कार्यरत किसी भी कर्मचारी के विदेश दौरे के प्रस्ताव को सितंबर तक स्वीकृति के लिए अग्रेषित न करें।

इस फैसले का सीधा असर स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षकों, प्राचार्यों, शिक्षा अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों पर पड़ेगा। ऐसे कर्मचारी, जिन्होंने निजी कारणों, पारिवारिक कार्यक्रमों, पर्यटन या अन्य उद्देश्यों से विदेश यात्रा की योजना बनाई थी, उन्हें अब निर्धारित अवधि तक इंतजार करना पड़ सकता है। सरकार ने मानवीय आधार पर गंभीर बीमारियों और विदेश में आवश्यक चिकित्सा उपचार के मामलों को प्रतिबंध से बाहर रखा है। ऐसे मामलों में नियमानुसार आवेदन पर विचार किया जाएगा।

प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों,जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, एससीईआरटी, डाइट, बीआईटीई, गेट्टी संस्थानों, निदेशालय मुख्यालय के अधिकारियों तथा विभागीय आईटी सेल को भेजी गई है। आईटी सेल को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश को विभागीय वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए, ताकि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story