हरियाणा: नौ माह में 6824 नशा तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

19.52 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनवरी से सितंबर 2026 तक 6,824 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नशा तस्करी से जुड़ी 19.52 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की गई है। यह जानकारी शुक्रवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई 14वीं राज्य स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र (एनसीओआरडी) समिति की बैठक में दी गई।

मुख्य सचिव ने बैठक में राष्ट्रीय मादक पदार्थ नियंत्रण रोडमैप 2026-29 के तहत विभिन्न विभागों की कार्रवाई तथा पिछली राज्य स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई।

हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान अटैच की गई संपत्तियों का मूल्य पिछले वर्ष की इसी अवधि के 5.92 करोड़ रुपये से बढक़र 19.52 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें लगभग 230 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। संपत्ति अटैच किए जाने से संबंधित व्यक्तियों की संख्या भी 78 से बढक़र 163 हो गई, जो 108.97 प्रतिशत की वृद्धि है।

ये आंकड़े नशा तस्करी से जुड़ी वित्तीय संपत्तियों की पहचान करने और उन पर लक्षित कार्रवाई करने पर राज्य सरकार के बढ़ते फोकस को दर्शाते हैं। राज्य सरकार ने दिसंबर 2026 तक 30 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त, 15.09 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से संबंधित मामले दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी के विचाराधीन हैं।

संजय कुमार ने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान नशीली दवा और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज एफआईआर की संख्या 39.93 प्रतिशत बढक़र 2,722 से 3,809 हो गई। गिरफ्तारियों की संख्या 26.53 प्रतिशत बढक़र 5,393 से 6,824 हो गई। वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित मामलों की संख्या भी 346 से बढक़र 380 हो गई, जो 9.83 प्रतिशत की वृद्धि है।

नशीले पदार्थों की बरामदगी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। हेरोइन की बरामदगी 43.176 किलोग्राम से लगभग दोगुनी होकर 84.695 किलोग्राम हो गई, जबकि अफीम की बरामदगी 235.550 किलोग्राम से बढक़र 430.300 किलोग्राम हो गई। कोकीन की बरामदगी 194.47 प्रतिशत की वृद्धि के साथ लगभग 2.96 किलोग्राम और एमडी/एमडीएमए की बरामदगी 235.51 प्रतिशत की वृद्धि के साथ लगभग 1.76 किलोग्राम दर्ज की गई।

बैठक में अभियोजन के परिणामों में सुधार पर भी चर्चा की गई। दोषसिद्धि दर 53.33 प्रतिशत से बढक़र 58.34 प्रतिशत हो गई है, जो 5.01 प्रतिशत अंक की वृद्धि है। अभियोजन निदेशालय के साथ तालमेल कर एनडीपीएस के 50 मामलों को विशेष निगरानी के लिए चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में 12 नशा तस्करी गिरोहों की पहचान की गई है और उन्हें ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई जारी है। इसके अलावा, 29 भगोड़ों की पहचान की गई है। दो ब्लू कॉर्नर नोटिस और एक रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है तथा इस संबंध में दिल्ली स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मामला उठाया गया है। जिलों को लुकआउट नोटिस जारी करने और पासपोर्ट निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जनवरी 2026 से मार्च 2027 तक 70 लोगों को प्रिवेंटिव डिटेंशन में रखने के राज्य के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिलावार लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story