हरियणा में बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, गिरदावरी कर मुआवजा दे सरकार: राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हरियणा में बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, गिरदावरी कर मुआवजा दे सरकार: राव नरेंद्र सिंह


चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में फसलें या तो पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं या खराब होने की स्थिति में हैं। इस बीच हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दक्षिण हरियाणा के विभिन्न गांवों का दौरा कर प्रभावित किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई असमय बारिश ने रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। गेहूं और सरसों की खड़ी फसलें खेतों में गिर चुकी हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई और बढ़ती लागत से जूझ रहे किसानों के लिए यह स्थिति किसी आपदा से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का किसान इस समय दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाओं का असर। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह तुरंत राहत कार्य शुरू करे और किसानों को सहारा दे।

कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द गिरदावरी करवाई जाए और फसल नुकसान का सही आकलन कर किसानों को बिना देरी के उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता के साथ सर्वे करने और वास्तविक पीड़ित किसानों तक राहत पहुंचाने की अपील भी की।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story