घरेलू रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता का बिगड़ा बजट : राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 07 जून (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीवन संकटपूर्ण बना दिया है। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में हालिया 29 की वृद्धि तथा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने न केवल आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है, बल्कि छोटे व्यापारियों और कारोबारियों की आर्थिक चुनौतियों को भी बढ़ा दिया है।

राव नरेंद्र सिंह ने रविवार को चंडीगढ़ में जारी एक बयान में कहा कि पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगभग 90 की वृद्धि की जा चुकी है, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब 1300 तक की भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे होटल, रेस्तरां, ढाबा संचालकों और छोटे व्यवसायों की लागत में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार की गई वृद्धि ने महंगाई को और अधिक बढ़ावा दिया है। पेट्रोल की कीमत 100 प्रति लीटर से अधिक हो चुकी है। ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिसके कारण खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं। जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय ऐसे फैसले ले रही है, जो लोगों की आर्थिक परेशानियों को और बढ़ा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय रुपया लगातार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रहा है, जो देश की आर्थिक स्थिति और केंद्र सरकार के आर्थिक प्रबंधन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। सरकार ने अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महंगाई पर नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों के विपरीत नजर आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story