हरियाणा के कॉलेजों में पीजी के दाखिलों का नया कार्यक्रम जारी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में स्नातकोत्तर (पीजी) प्रथम वर्ष के दाखिलों को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने संशोधित प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के तहत अब मेरिट सूची, फीस जमा करने और फिजिकल काउंसलिंग की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से अगस्त माह में पूरी होगी। विभाग ने सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों को संशोधित कार्यक्रम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। नए कार्यक्रम का उद्देश्य दस्तावेज सत्यापन, आपत्तियों के निस्तारण और खाली सीटों पर पारदर्शी तरीके से प्रवेश सुनिश्चित करना है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण 7 अगस्त तक और आवेदन में संशोधन 8 अगस्त तक किया जा सकेगा। कॉलेज 9 अगस्त तक दस्तावेजों का सत्यापन और आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। इसके बाद 10 अगस्त को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची तथा 11 अगस्त को फाइनल मेरिट सूची जारी होगी। प्रथम चरण के चयनित अभ्यर्थियों को 12 से 14 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी। इसके बाद बची हुई सीटों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। 15 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी ताकि रिक्त सीटों को शीघ्र भरा जा सके।

जो विद्यार्थी पहली प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर सके, उन्हें एक और अवसर दिया गया है। 16 अगस्त को ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, जहां 100 लेट फीस के साथ नया पंजीकरण और आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा। इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक बची सीटों पर फिजिकल काउंसलिंग होगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो 24 से 30 अगस्त तक प्रतिदिन अतिरिक्त लेट फीस के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।

महानिदेशक उच्च शिक्षा कार्यालय, पंचकूला की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संशोधित कार्यक्रम राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त तथा सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में समान रूप से लागू होगा, ताकि पूरे प्रदेश में प्रवेश प्रक्रिया एकरूप और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story