‘मोहब्बत की दुकान’ में जहर बेचने का काम कर रहे राहुल गांधी : नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
‘मोहब्बत की दुकान’ में जहर बेचने का काम कर रहे राहुल गांधी : नायब सिंह सैनी


-गरीब, किसान और देश को मजबूत करने के लिए काम कर रहे प्रधानमंत्री

-केजरीवाल अपने कार्यकाल में बनाए डॉक्टर-इंजीनियरों की सूची जारी करें

-पंजाब में कानून-व्यवस्था बिगड़ी,जनता आम आदमी पार्टी को दिखाएगी बाहर का रास्ता

चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और गरीब व्यक्ति को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस इन योजनाओं का भी विरोध करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि वह गरीबों के हित में किए जा रहे कामों का विरोध क्यों कर रही है।हरियाणा निवास चंडीगढ़ में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को मजबूत करने के लिए उनके खातों में छह हजार रुपये की राशि पहुंचाई जा रही है। इसके बावजूद कांग्रेस प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणियां करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं, लेकिन देश और प्रदेश के लोगों को मालूम है कि इस दुकान में जहर बिक रहा है। राहुल गांधी की इस दुकान में 1984 के दंगों की भी जगह है? क्या हरियाणा में कांग्रेस के समय लोगों के घर और दुकानें जलाने तथा दलितों की बस्तियां जलाने की घटनाओं को भी इस दुकान में सजाया जाएगा। राहुल गांधी को देश को बताना चाहिए कि क्या यही उनकी मोहब्बत की दुकान है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल दावा करते हैं कि उनके कार्यकाल में स्कूलों की ऐसी व्यवस्था की गई कि बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बन गए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो केजरीवाल को सूची जारी करनी चाहिए कि उनके कार्यकाल में कितने बच्चे डॉक्टर और कितने इंजीनियर बने। उन्होंने कहा कि केवल बड़े-बड़े दावे करने और झूठ बोलने से काम नहीं चलता। देश को गुमराह करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल को अपने कार्यकाल में किए गए कामों और दावों का विवरण जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और पंजाब की जनता भी उसे बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी कर चुकी है। पंजाब में जल्द चुनाव कराने की मांग से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब बदलाव चाहते हैं और प्रदेश को मजबूत बनाना चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story