हरियाणा की स्कूल प्रबंधन समितियों से रूबरू होंगे मुख्यमंत्री
- 19 जुलाई को सभी जिलों में ऑनलाइन होगा आयोजनचंडीगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब प्रदेशभर के स्रूष्ट (विद्यालय प्रबंधन समितियों) से संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, स्कूलों के प्रभावी संचालन एवं प्रबंधन आदि विषयों को लेकर चर्चा करेंगे। 19 जुलाई को होने वाले इस संवाद की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी व जिला परियोजना समन्वयक को तैयारियों के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हालही में प्रदेश की अनसेफ स्कूली इमारतों को गिराकर नई इमारतें बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में शिक्षा विभाग की तरफ से अलग विंग का गठन भी किया जा चुका है। स्कूलों में बुनियादी ढांचा विकास के मद्देनजर यह बैठक आयोजित की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन समितियों में विद्यार्थियों के अभिभावकों के प्रतिनिधि, संबंधित गांव तथा अथवा शहरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा स्कूल के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। पहली बार मुख्यमंत्री इस समिति के सदस्यों से बातचीत करेंगे।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। जिसमें कहा गया है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों के प्रभावी संचालन एवं प्रबंधन तथा सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने में विद्यालय प्रबंधन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए 19 जुलाई को सीएम राज्य की सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ राज्य स्तरीय ऑनलाइन संवाद करेंगे।
इसमें मुख्यमंत्री एसएमसी सदस्यों के साथ विद्यालय विकास, गुणवत्तापूर्ण अधिगम, छात्र उपस्थिति, सुरक्षित एवं स्वच्छ विद्यालय वातावरण, सामुदायिक सहभागिता तथा विकसित हरियाणा-2047 के निर्माण में एसएमसी की भूमिका जैसे विषय पर चर्चा करेंगे। वीसी के माध्यम से सभी विद्यालयों के एसएमसी सदस्य जुडक़र संवाद में सम्मलित होंगे। जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी अपने जिले की एक एसएमसी का चयन करके सूचना देंगे, ताकि उसे दो तरफा संवाद में शामिल किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

