हरियाणा के मुख्य सचिव ने राज्यपाल से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के मुख्य सचिव ने राज्यपाल से की मुलाकात


चंडीगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने तीसरी बार मुख्य सचिव का कार्यभार संभालते ही बुधवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की।

अनुराग रस्तोगी को राज्य सरकार ने पिछले एक साल के लिए सेवा विस्तार दिया था। उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंगलवार को फिर से छह माह की एक्सटेंशन दी गई है। बुधवार को तीसरे कार्यकाल के पहले दिन राज्यपाल असीम कुमार घोष से मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सुशासन एवं विकास की गति को बनाए रखने के लिए जनहितकारी योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राज्यपाल को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में हो रही प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों तथा जनकल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। बैठक के दौरान राज्य के समग्र विकास, सुशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story