हरियाणा में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का अभियान तेज, 5 नवंबर को करनाल में पदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now


-अमित शाह के दौरे से पहले सभी जिलों में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलेगी भाजपा

चंडीगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी दल कांग्रेस के खिलाफ अपना अभियान तेज करने की तैयारी की है। इसके तहत पांच नवंबर को करनाल में आयोजित होने वाली पदयात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। उनके दौरे से पहले भाजपा प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस के खिलाफ अभियान चलाएगी।

सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार, लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताओं के माध्यम से तथ्यों के आधार पर कांग्रेस की पोल खोली जाएगी। सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने रोहतक से इसकी शुरूआत की। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सिरसा में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया जाएगा। पांच नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों को कवर करने के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की जिलेवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उद्योग मंत्री विपुल गोयल अंबाला व पंचकूला, पूर्व कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ भिवानी व नूंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा चरखी दादरी, हांसी व सोनीपत, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर फरीदाबाद, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा फतेहाबाद व महेंद्रगढ़, खेल मंत्री गौरव गौतम, गुरुग्राम व पलवल, राज्य सभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला हिसार व जींद जिलों में पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस के अभियान के विरूद्ध अपनी बात रखेंगे।

इसी प्रकार पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल झज्जर, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी कैथल व कुरुक्षेत्र, राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्य सभा सांसद संजय भाटिया करनाल, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु पानीपत, पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल रेवाड़ी, पूर्व शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर यमुनानगर जिलों में पत्रकार वार्ताएं करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766875 Articles

Share this story