हरियाणा एटीएस ने दो इनामी आरोपी पंजाब से किए गिरफ्तार
पंचकूला क्लब फायरिंग केस में अब तक नौ गिरफ्तार
एटीएस ने दोनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया
चंडीगढ़, 16 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में दो और इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु निवासी गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू निवासी ढाणी जला लखे के हिठाड़, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहे थे। बलविन्द्र सिंह पर 50 हजार रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में अब तक नौ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
सोमवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक एटीएस कुलदीप सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ था। मामले की गंभीरता और इसके अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को देखते हुए जांच एटीएस को सौंपी गई थी। एटीएस ने अब दो और वांछित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी एटीएस ने बताया कि मामले में वांछित बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु और सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू बेहद शातिर तरीके से पुलिस की गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। दोनों आरोपी लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एटीएस की विभिन्न टीमों द्वारा पंजाब सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए बलविन्द्र सिंह पर 50,000 रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित करवाया था।
एसपी ने बताया कि उप पुलिस अधीक्षक कर्मबीर सिंह की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नेटवर्क में उनकी भूमिका, अन्य सहयोगियों, हथियारों एवं नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और आपराधिक गतिविधियों के संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा सकें।
उल्लेखनीय है कि 13 सितंबर 2026 की अलसुबह पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में एक युवती घायल हो गई थी। एसपी एटीएस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत सिंह, करनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, शिवम उर्फ शिवा, सुरजीत सिंह और जज सिंह शामिल हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी और निशानदेही पर पुलिस ने तीन गाडिय़ां, जिनमें एक एक्सयूवी-500, एक स्कॉर्पियो और एक हुंडई आई-20 शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त एक मोटरसाइकिल, दो अवैध पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 529 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और ड्रग मनी की गिनती में इस्तेमाल होने वाली तीन कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गई हैं। इन बरामदगियों से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है और नेटवर्क की गतिविधियों के संबंध में कई अहम साक्ष्य सामने आए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

