मोटरस्पोर्ट्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले प्रतीक दलाल को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
मोटरस्पोर्ट्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले प्रतीक दलाल को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित


-थाईलैंड के खिलाड़ी को 0.356 सेकंड से हराकर हासिल किया खिताब

चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को एशिया पैसिफिक मोटरस्पोर्ट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ी प्रतीक दलाल को सम्मानित किया। बहादुरगढ़ निवासी प्रतीक ने थाईलैंड के पटाया में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।

प्रतीक ने 53.409 सेकंड का समय लेकर थाईलैंड के खिलाड़ी अपिलुक लोटागा को 0.356 सेकंड के अंतर से हराया। लोटागा ने 53.765 सेकंड में रेस पूरी की थी। प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल महासंघ (एफआईए) के तत्वावधान में रॉयल ऑटोमोबाइल एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड की ओर से किया गया था। इसमें 16 देशों के 36 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रतीक दलाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, कौशल, साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। मोटरस्पोर्ट्स जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में यह उपलब्धि खिलाड़ी के अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम का प्रमाण है। बेहद मामूली अंतर से प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़कर प्रतीक ने साबित किया है कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आत्मविश्वास, एकाग्रता और अंतिम क्षण तक बेहतर प्रदर्शन का जज्बा जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की भूमि के रूप में रही है। अब मोटरस्पोर्ट्स जैसे अपेक्षाकृत अलग और चुनौतीपूर्ण खेलों में भी प्रदेश के युवा अपनी पहचान बना रहे हैं। यह हरियाणा की खेल प्रतिभाओं के विविध आयामों को दर्शाता है।

कल्याण ने कहा कि प्रतीक दलाल की उपलब्धि युवाओं को नए खेलों में आगे बढ़ने और अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतीक भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी सफलताएं देश में मोटरस्पोर्ट्स को प्रोत्साहन देने और युवाओं की इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक होंगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story