कॉलेज दाखिला: हरियाणा सरकार ने 30 जून तक बढ़ाई आवेदन की समय-सीमा
-उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक कक्षाओं के लिए बढ़ाई तिथि
चंडीगढ़, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के लिए दाखिले हेतु आवेदन की अवधि को बढ़ाकर 30 जून कर दिया है। अब विद्यार्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थी ही दाखिला प्रक्रिया में भाग ले पाएंगे।उच्चतर शिक्षा विभाग के अनुसार, बचे हुए विद्यार्थी जिन्हें कॉलेज में दाखिला लेना है, वे 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन आवश्यक करें। साथ ही आवेदनों की छंटनी, मेरिट सूची जारी करने, फीस जमा करवाने व फिलिकल काउंसिलिंग के लिए भी शेड्यूल बदला जाएगा, जो विभाग द्वारा बाद में जारी किया जाएगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग के जारी शेड्यूल के अनुसार, 7 मई से एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे। शुरूआत में विद्यार्थी को 31 मई तक का समय दिया गया था। इसके बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को 15 दिन का समय अतिरिक्त दिया और ऑनलाइन आवेदन के लिए अंतिम तिथि 15 जून तक बढ़ा दी।
वहीं अभी जो विद्यार्थी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए 15 दिन का दोबारा से मौका दिया गया है और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून कर दी है।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इस बार कॉलेजों में ही ऑनलाइन आवेदन करवाने के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए हैं। जहां पर विद्यार्थी जाकर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए है। डीएचई की निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। वहीं कॉलेजों में स्थापित कंप्यूटर लैब में निःशुल्क आवेदन फार्म भरे जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी पर आर्थक बोझ भी ना बढ़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

