हरियाणा के 17 जिलों में खुले आधार सेवा केंद्र

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अब अपने जिले में ही आसानी से उपलब्ध होंगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने प्रदेश के 17 जिलों में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर नया आधार बनवाने से लेकर नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग में संशोधन तथा बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। नए आधार के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

यूआईडीएआई के प्रवक्ता ने बताया कि इन केंद्रों की स्थापना का उद्देश्य नागरिकों को उनके नजदीक आधार सेवाएं उपलब्ध करवाना और सामान्य कार्यों के लिए चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक जाने की जरूरत कम करना है। ये केंद्र पहले से संचालित आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त सुविधा केंद्र के रूप में काम करेंगे।

प्रदेश में ये केंद्र हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत, नूंह, जींद, झज्जर, करनाल, रोहतक और पलवल में संचालित हैं।

प्रवक्ता के अनुसार, इन केंद्रों पर सभी आयु वर्गों के नागरिक आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां सुलभ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाया गया है। नया आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जबकि अन्य सेवाओं के लिए यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों के अनुसार शुल्क देना होगा।

उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ स्थित यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय में किसी विशेष कार्य के लिए जाने वाले नागरिकों को 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story