शहीदी दिवस पर हरियाणा के 250 युवा हुसैनीवाला में देंगे श्रद्धांजलि
चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। शहीदी दिवस के अवसर पर हरियाणा के फतेहाबाद जिले के युवा देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश करेंगे। जिले के करीब 50 गांवों से 250 से अधिक युवा हुसैनीवाला स्मारक पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुलां ने शुक्रवार को बताया कि सतलुज नदी के तट पर स्थित यह ऐतिहासिक स्थल देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा का प्रतीक है। यहां आयोजित ‘युवा जागृति यात्रा’ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और उन्हें शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा युवाओं को यह संदेश देगी कि देश की आजादी अनगिनत कुर्बानियों का परिणाम है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। वेद फुलां ने बताया कि इस यात्रा में 20 से 35 वर्ष तक के युवा भाग ले सकते हैं। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण जारी है और सैकड़ों युवा अब तक अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जैसे वरिष्ठ नागरिकों में पहले आयोजित यात्राओं को लेकर उत्साह देखने को मिला था, वैसे ही इस पहल को लेकर युवाओं में भी काफी जोश है।
वेद फुलां के अनुसार, यह यात्रा केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें युवा नशामुक्ति, राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा का संकल्प भी लेंगे। यह पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता और बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

