यमुनानगर:सर्वाइकल कैंसर रोकथाम को एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:सर्वाइकल कैंसर रोकथाम को एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू


यमुनानगर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने जिला नागरिक अस्पताल से की। यह पहल देशभर में शुरू किए गए विशेष जनस्वास्थ्य अभियान का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य समय रहते टीकाकरण के माध्यम से बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

विधायक ने शनिवार काे कहा कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और जागरूकता के साथ समय पर लगाया गया टीका इस बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से पात्र आयु वर्ग की बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि यह अभियान स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता से भी जुड़ा है। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा इसे प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा चिकित्सकीय निगरानी में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में यह टीका महंगा होता है, लेकिन सरकारी अभियान के तहत पात्र किशोरियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान को निर्धारित अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पुनीत कालरा ने जानकारी दी कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। टीकाकरण से पहले अभिभावकों की सहमति प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा प्रत्येक लाभार्थी का विवरण डिजिटल प्रणाली में दर्ज किया जा रहा है। टीका लगने के बाद प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में चिकित्सकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अभियान में सहयोग कर बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story